मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक भाजपा नेता की तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने भीषण हादसा खड़ा कर दिया। नशे की हालत में कार चला रहे नेता ने सड़क किनारे अलाव ताप रहे पांच लोगों को कुचल दिया। हादसे के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी नेता को पकड़कर जमकर पिटाई की, लेकिन बाद में पुलिस हिरासत से उसके फरार हो जाने पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह घटना पोरसा थाना क्षेत्र के जोटई रोड की है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया शराब के नशे में कार नंबर MP 06 CA 5172 को तेज गति से चला रहे थे। जोटई रोड बायपास चौराहे के पास कुछ लोग ठंड से बचने के लिए अलाव ताप रहे थे, तभी बेकाबू कार सीधे उन पर चढ़ गई।
इस हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। हादसे के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी और आगे जाकर एक अन्य वाहन को भी टक्कर मार दी।
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़ ने भाग रहे नेता को पकड़ लिया और गुस्से में उसकी जमकर पिटाई की, जिससे उसके नाक से खून बहने लगा। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने सत्ताधारी दल के नेता को जानबूझकर भगाने में मदद की।
आरोपी के फरार होने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने जल्द आरोपी को पकड़कर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

