मध्य प्रदेश, जिसे देश में ‘टाइगर स्टेट’ के नाम से जाना जाता है, वहां बाघों की सुरक्षा को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। वर्ष 2025 के दौरान राज्य में कुल 55 बाघों की मौत दर्ज की गई, जो देश के किसी भी राज्य में सबसे अधिक है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में पूरे भारत में कुल 164 बाघों की मौत हुई, जिनमें से अकेले मध्य प्रदेश में 55 बाघ मारे गए।
भारत में बाघों की घटती संख्या, अवैध शिकार और उनके अंगों की तस्करी को रोकने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने वर्ष 1973 में ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की शुरुआत की थी। इसके बाद से बाघ संरक्षण के कई प्रयास किए गए, लेकिन इसके बावजूद हाल के वर्षों में बाघों की मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2025 में दर्ज 55 मौतें अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा माना जा रहा है।
