भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने प्रसिद्ध संगीतकार देवा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
अपने शोक संदेश में उपराष्ट्रपति ने कहा कि देवा ने अपनी विशिष्ट संगीत शैली और लोकप्रिय ‘गाना’ गीतों के माध्यम से तमिल फिल्म उद्योग में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके गीतों में आम लोगों के जीवन और भावनाओं की झलक मिलती थी। उन्होंने उल्लेख किया कि देवा ने तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं की 400 से अधिक फिल्मों में संगीत दिया और भारतीय सिनेमा में योगदान दिया।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि देवा की यादगार संगीत रचनाओं और ‘गाना’ संगीत में उनके विशिष्ट योगदान को संगीत प्रेमी पीढ़ियों तक संजोकर रखेंगे। उन्होंने संगीतकार के निधन को तमिल फिल्म एवं संगीत जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने शोक संतप्त परिवार, परिजनों, मित्रों, फिल्म जगत के सदस्यों और संगीत प्रेमियों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
