काठमांडू/झापा: नेपाल में शुक्रवार रात एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया। काठमांडू से झापा के भद्रपुर एयरपोर्ट जा रही बुद्ध एयर की एक यात्री उड़ान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गई और करीब 200 मीटर दूर घास वाले क्षेत्र में जाकर रुक गई। विमान में सवार सभी 55 लोग सुरक्षित हैं, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, बुद्ध एयर की फ्लाइट संख्या 901 ने शुक्रवार रात 8:23 बजे काठमांडू से उड़ान भरी थी। करीब 45 मिनट की यात्रा के बाद जब विमान रात 9:08 बजे भद्रपुर एयरपोर्ट पर उतर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और विमान रनवे से बाहर निकल गया। विमान में 51 यात्री और 4 क्रू मेंबर सवार थे।
नदी के पास जाकर रुका विमान
कैप्टन शैलेश लिम्बू द्वारा संचालित यह विमान रनवे से फिसलकर पास से बह रही नदी के किनारे जाकर रुक गया। पायलट की सूझबूझ के कारण विमान नदी में गिरने से बच गया और एक बड़ी दुर्घटना टल गई। झापा के मुख्य जिला अधिकारी (CDO) शिवराम गेलाल ने पुष्टि की है कि यात्रियों में कुछ देर के लिए घबराहट जरूर फैली, लेकिन सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पायलट की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
स्थानीय प्रशासन और एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, अगर विमान कुछ और आगे बढ़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। पायलट की त्वरित प्रतिक्रिया और नियंत्रण के चलते सभी यात्रियों की जान बच गई।
तकनीकी जांच शुरू
बुद्ध एयर ने बयान जारी कर बताया है कि काठमांडू से तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम भद्रपुर भेजी गई है, जो हादसे के कारणों की जांच करेगी। यह विमान उस दिन की आखिरी उड़ान थी और इसे रात में भद्रपुर में ही रुकना था। फिलहाल विमान को रनवे के पास से हटाने का काम जारी है।
मामूली नुकसान, सुरक्षा बढ़ाई गई
त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने बताया कि इस घटना में विमान को मामूली नुकसान हुआ है। घटना के बाद एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और तकनीकी खराबी या मौसम से जुड़े कारणों की गहन जांच की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर नेपाल में विमान सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि इस बार सभी यात्रियों का सुरक्षित बचाव होने से राहत की सांस ली गई है।
