‘बांग्लादेश में हिंदुओं की क्रूर हत्याओं को नजरअंदाज नहीं कर सकते’, भारतीय विदेश मंत्रालय ने यूनुस सरकार को कड़ी चेतावनी दी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भारत सरकार ने बांग्लादेश में जारी राजनीतिक अस्थिरता और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों को लेकर सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा गंभीर चिंता का विषय है और इसे राजनीतिक हिंसा बताकर अनदेखा नहीं किया जा सकता। उन्होंने हिंदू युवक दीपु दास की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए उम्मीद जताई कि दोषियों को कानून के कठघरे में लाया जाएगा।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि बांग्लादेश की मौजूदा अंतरिम यूनुस सरकार के कार्यकाल के दौरान अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हत्या, आगजनी, जमीन हड़पने और हिंसा की करीब 2,900 घटनाएं सामने आई हैं। भारत ने स्पष्ट किया कि वह बांग्लादेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनावों का समर्थन करता है और वहां शांति व स्थिरता की अपेक्षा रखता है। भारत ने यह भी दोहराया कि वह बांग्लादेश के नागरिकों के साथ अच्छे और मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

इसी बीच, बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले में एक और हिंदू युवक की भीड़ द्वारा हत्या की घटना सामने आई है। 24 दिसंबर की रात कथित रूप से खंडणी के आरोप में एक हिंदू व्यक्ति पर हमला किया गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना कुछ दिन पहले मयमनसिंह जिले में हिंदू युवक दीपु चंद्र दास की मॉब लिंचिंग और शव जलाए जाने की घटना के बाद हुई है।

इसके अलावा, विदेश मंत्रालय ने H-1B वीज़ा अपॉइंटमेंट रद्द होने से भारतीय नागरिकों को हो रही परेशानियों पर भी बयान दिया। मंत्रालय ने कहा कि भारत ने इस मुद्दे को अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष उठाया है, क्योंकि इससे भारतीय नागरिकों की पढ़ाई और पारिवारिक जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। भारत सरकार इस विषय पर अमेरिका के साथ लगातार संपर्क में है।

Sajag Kutch
Author: Sajag Kutch

Leave a Comment

और पढ़ें