वडोदरा में रिटायर्ड डीएसपी का बेटा खुली नाली में गिरा, नगर निगम की लापरवाही से युवक की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वडोदरा के मंजलपुर इलाके में नगर निगम की घोर लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मंजलपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास ड्रेनेज लाइन का काम चल रहा था, लेकिन गटर को खुला छोड़ दिया गया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक युवक लगभग 30 फीट गहरी खुली नाली में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोगों की मदद से रस्सियों के सहारे युवक को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, पानी की टंकी के पास पाइपलाइन डालने का कार्य चल रहा था। आसपास बड़ी पाइपें और लारियां खड़ी थीं, वहीं अंधेरा होने के कारण नगर निगम द्वारा लगाए गए चेतावनी बोर्ड भी साफ नजर नहीं आ रहे थे। इसी वजह से युवक को खुले गटर का अंदाजा नहीं लग सका और वह हादसे का शिकार हो गया।

मृतक की पहचान विपुलसिंह झाला के रूप में हुई है, जो एक सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पुत्र बताए जा रहे हैं। इस घटना के बाद नगर निगम की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले भी प्रदेश में खुले गटरों के कारण हादसों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे आम लोगों में भारी रोष देखा जा रहा है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें