तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में वह गाय की पूजा करने के बाद उसकी परिक्रमा करते समय सार्वजनिक रूप से अपने ही बॉडीगार्ड को थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह पहला मौका नहीं है जब मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ‘थप्पड़’ से जुड़े किसी विवाद में आए हों।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मुख्यमंत्री पूजा के बाद गाय की परिक्रमा कर रहे हैं। इसी दौरान आसपास मौजूद लोग उनके काफी करीब आने की कोशिश करते हैं। भीड़ को पीछे हटाने के लिए बॉडीगार्ड प्रयास करता है, लेकिन तभी मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी अचानक गुस्से में आकर उसे थप्पड़ मार देते हैं। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।
गौरतलब है कि रेवंत रेड्डी पहले भी थप्पड़ को लेकर विवादों में रह चुके हैं। इससे पहले उन्होंने पत्रकारों को थप्पड़ मारने की बात कहकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं, जिसके बाद उन्हें माफी भी मांगनी पड़ी थी। वर्ष 2025 में वह ‘नव तेलंगाना’ अखबार के 10वें वर्षगांठ कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जहां भाषण के दौरान सीनियर और जूनियर पत्रकारों की तुलना करते हुए उन्होंने कहा था कि “कभी-कभी मन करता है कि पत्रकारों को थप्पड़ मार दूं।” इस बयान को पत्रकारों ने अपमानजनक बताया था और प्रेस यूनियनों ने उनसे स्पष्टीकरण की मांग की थी। उस समय विपक्ष ने भी उनके इस बयान और व्यवहार को लेकर कड़ा विरोध जताया था।
