ब्रिटेन ने 25 फरवरी 2026 से अपनी वीज़ा प्रणाली में एक बड़ा बदलाव करते हुए पूरी तरह से डिजिटल ई-वीज़ा (e-Visa) व्यवस्था लागू कर दी है। इसके तहत अब पारंपरिक रूप से पासपोर्ट पर दिए जाने वाले वीज़ा स्टिकर को समाप्त कर दिया गया है और उसकी जगह डिजिटल ई-वीज़ा को लागू किया गया है।
इस नए बदलाव के कारण भारतीय नागरिक अब वीज़ा आवेदन प्रक्रिया के दौरान अपना पासपोर्ट जमा किए बिना वीज़ा के लिए आवेदन कर सकते हैं। वीज़ा के निर्णय के बाद भी पासपोर्ट उसी दिन वापस लौट जाएगा, जिससे आवेदक अपनी यात्रा की अन्य तैयारियाँ या किसी अन्य देश के वीज़ा आवेदन में आसानी से हिस्सा ले सकते हैं।
डिजिटल ई-वीज़ा एक ऑनलाइन रिकॉर्ड होता है, जो आवेदक के इमिग्रेशन स्टेटस को डिजिटल रूप में दिखाता है और सीधे उनके पासपोर्ट के साथ लिंक होता है। आवेदक इसे अपने स्मार्टफोन या प्रिंट-आउट के रूप में साथ रख सकते हैं और इसकी पुष्टि एयरलाइन्स तथा इमीग्रेशन अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन की जा सकती है।
ब्रिटिश उच्चायोग के अनुसार, इससे यात्रा प्रक्रिया सरल और तेज़ होगी तथा आवेदकों के लिए प्रशासनिक बोझ भी कम होगा। हर परिवार के सदस्य, चाहे वह बच्चा हो या वयस्क, को अपनी अलग ऑनलाइन प्रोफ़ाइल बनानी होगी और उस में ई-वीज़ा को लिंक करना होगा।
यह बदलाव उन लाखों भारतीयों के लिए ख़ास है, जिन्होंने हाल ही में ब्रिटेन के लिए वीज़ा के लिए आवेदन किया है, क्योंकि अब वे उन्नत और आधुनिक डिजिटल प्रणाली के तहत अपनी वीज़ा स्थिति को ऑनलाइन मैनेज कर सकेंगे।
