अहमदाबाद में भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा से ठीक पहले दरियापुर इलाके में रविवार देर रात दो गुटों के बीच हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ में बदल गया, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद की शुरुआत शाम के समय एक सामान्य झगड़े से हुई थी, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत करा दिया। हालांकि देर रात दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे पर डंडों व बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। इस दौरान पथराव भी हुआ, जिससे आसपास खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा और कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दरियापुर पुलिस मौके पर पहुंची और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं तथा कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रथ यात्रा को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
