सजग कच्छ | विशेष समाचार
घराणा में सघन IEC अभियान-3.0 के तहत HIV, टीबी, हेपेटाइटिस और कुष्ठ रोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
भचाऊ (कच्छ):
घराणा स्थित सरकारी हाई स्कूल में राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी नियंत्रण कार्यक्रम (NACP) के तहत सघन IEC अभियान-3.0 के अंतर्गत एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को HIV/एड्स, टीबी (क्षयरोग), हेपेटाइटिस और कुष्ठ रोग (लेप्रसी) जैसी संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।
देशभर में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर, 2026 तक सघन IEC अभियान-3.0 चलाया जा रहा है। इसका प्राथमिक उद्देश्य आमजन तक इन गंभीर बीमारियों से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारी पहुंचाना, समाज में फैली भ्रांतियों व अंधविश्वासों को दूर करना और समय पर जांच, सटीक निदान व उपचार के लिए लोगों को प्रेरित करना है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में आयोजन
यह जागरूकता शिविर मुख्य जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मितेश भंडेरी, जिला टीबी-एचआईवी अधिकारी डॉ. मनोज दवे तथा भचाऊ तालुका स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नारायण सिंह के मार्गदर्शन और सामखियारी मेडिकल ऑफिसर डॉ. सीमा चौधरी के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।
विद्यार्थियों को दी गई विस्तृत व वैज्ञानिक जानकारी
कार्यक्रम में सामखियारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्य पर्यवेक्षक दीपकभाई दर्जी, सीएचओ प्रदीप रावत, स्वास्थ्य कार्यकर्ता प्रवीण गामोट और कंचनबेन परमार ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों को HIV/AIDS, यौन संचारित संक्रमण (STI), टीबी, हेपेटाइटिस और कुष्ठ रोग के कारणों, संक्रमण के प्रसार, प्रमुख लक्षणों, बचाव के उपायों और उपचार पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी।
स्वास्थ्य कर्मियों ने विशेष रूप से स्पष्ट किया कि HIV/AIDS के प्रति सामाजिक भेदभाव और कलंक को खत्म करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही समय पर एचआईवी टेस्टिंग और एआरटी (ART) उपचार की महत्ता समझाई गई। टीबी व कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, नियमित दवा के सेवन तथा जल-जनित और मच्छर-जनित मौसमी बीमारियों से बचाव के एहतियाती उपायों पर भी प्रकाश डाला गया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य संबंधी कई सवाल पूछे, जिनका स्वास्थ्य टीम ने वैज्ञानिक व संतोषजनक समाधान दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में घराणा सरकारी हाई स्कूल के प्रधानाचार्य जगदीशभाई परमार और समस्त विद्यालय स्टाफ का सक्रिय सहयोग रहा।
घराणा में सघन IEC अभियान-3.0 के तहत HIV, टीबी, हेपेटाइटिस और कुष्ठ रोग पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित भचाऊ (कच्छ):
👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें
और पढ़ें
- विज्ञापन
