थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। सीमा विवाद वाले क्षेत्र में भगवान विष्णु की प्राचीन मूर्ति को बुलडोज़र से तोड़े जाने का आरोप लगा है, जिस पर भारत ने कड़े शब्दों में आपत्ति जताई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद इस घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिक्रिया तेज हो गई है। भारत ने इसे हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोनों देशों से सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की सुरक्षा करने तथा बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की अपील की है। वहीं कंबोडिया ने इस कार्रवाई के लिए थाई सेना को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि थाई सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

