नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस की SOG ने संयुक्त ऑपरेशन में राजस्थान के खैरथल जिले के भिवाड़ी स्थित एक ड्रग्स फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। 28 दिसंबर 2025 को की गई इस छापेमारी में करोड़ों रुपये मूल्य के मादक पदार्थ और प्रतिबंधित केमिकल्स जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, RIICO औद्योगिक क्षेत्र में स्थित APL फार्मा नामक इकाई में गुप्त रूप से नशीले पदार्थों का निर्माण किया जा रहा था। छापे के दौरान पुलिस ने करीब 22 किलो साइकोट्रॉपिक केमिकल अल्प्राजोलम प्रीकर्सर, अर्ध-निर्मित ड्रग्स और ड्रग्स निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री होने के कारण लंबे समय से बिना शक के यह अवैध गतिविधि चल रही थी।
इस कार्रवाई में तीन मुख्य आरोपियों—अंशुल शास्त्री, अखिलेश कुमार मौर्य और कृष्णकुमार यादव—को गिरफ्तार किया गया है, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे तीन अन्य मजदूरों को भी हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विभिन्न राज्यों में नशीले पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे थे। मामले की आगे की जांच भिवाड़ी फेज-3 थाने में दर्ज कर रैकेट के अन्य कड़ियों की तलाश की जा रही है।
