अमेरिका के वेनेजुएला पर कार्रवाई के बीच किम जोंग उन भड़के, मिसाइल परीक्षण कर बोले— परमाणु युद्ध के लिए तैयार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा वेनेजुएला के खिलाफ सख्त रुख अपनाए जाने के बीच उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन ने भी आक्रामक तेवर दिखाए हैं। उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के अनुसार, किम जोंग उन ने अत्याधुनिक हाइपरसोनिक मिसाइलों के परीक्षण का निरीक्षण किया और दावा किया कि देश की परमाणु शक्ति अब युद्ध के लिए पूरी तरह तैयार है।

प्योंगयांग स्थित तानाशाही सरकार ने कहा कि यह मिसाइल परीक्षण हालिया वैश्विक भू-राजनीतिक हालात को देखते हुए बेहद जरूरी हो गया था। उत्तर कोरिया ने सीधे तौर पर अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई कार्रवाई की ओर इशारा किया है। उल्लेखनीय है कि उत्तर कोरिया और वेनेजुएला— दोनों ही देशों में समाजवादी सरकारें सत्ता में हैं।

इस मिसाइल परीक्षण के बाद जापान और दक्षिण कोरिया में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। दोनों देशों ने पुष्टि की कि उन्होंने प्योंगयांग के आसपास से दो बैलिस्टिक मिसाइलों के प्रक्षेपण का पता लगाया है। यह उत्तर कोरिया का इस वर्ष का पहला मिसाइल परीक्षण था, जो दक्षिण कोरिया के नेता ली जे म्युंग के बीजिंग रवाना होने से कुछ घंटे पहले ही किया गया।

उत्तर कोरिया की आधिकारिक समाचार एजेंसी कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (KCNA) ने बताया कि इस हाइपरसोनिक मिसाइल परीक्षण के जरिए देश की परमाणु ताकत की युद्ध तत्परता को साबित किया गया है। रिपोर्ट में किम जोंग उन के हवाले से कहा गया कि डीपीआरके की परमाणु सेना को वास्तविक युद्ध के लिए तैयार करने और उसे मजबूत आधार पर स्थापित करने में हाल ही में बड़ी सफलता मिली है।

किम जोंग उन ने यह भी स्पष्ट किया कि इन सैन्य गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य ‘न्यूक्लियर वॉर डिटरेंस’ यानी परमाणु युद्ध निवारक क्षमता को लगातार और मजबूत करना है। इसका अर्थ यह है कि जब दोनों पक्षों के पास परमाणु हथियार होते हैं, तो पारस्परिक विनाश के भय से कोई भी देश हमला करने का साहस नहीं करता और यही हथियार युद्ध को रोकने का माध्यम बन जाते हैं।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें