अमेरिका के मैरीलैंड राज्य में एक 26 वर्षीय भारतीय युवक द्वारा अपनी पूर्व प्रेमिका की हत्या कर भारत फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी की पहचान अर्जुन शर्मा के रूप में हुई है, जो कोलंबिया शहर का निवासी बताया जा रहा है।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जिसने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड के लापता होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी, वही उसका हत्यारा निकला। जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा ने 2 जनवरी को हावर्ड काउंटी पुलिस में 27 वर्षीय निकिता गोदिशाला के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया था कि उसने निकिता को आखिरी बार 31 दिसंबर को अपने अपार्टमेंट में देखा था, जिसके बाद वह अचानक लापता हो गई।
हालांकि पुलिस जांच में सामने आया कि जिस दिन अर्जुन ने गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, उसी दिन वह फ्लाइट पकड़कर भारत भाग गया था। 3 जनवरी को जब पुलिस ने अर्जुन के अपार्टमेंट की तलाशी ली, तो वहां से निकिता का शव बरामद हुआ। निकिता के शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव पाए गए थे, जिससे उसकी बेरहमी से हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस के अनुसार, हत्या की यह वारदात 31 दिसंबर की रात करीब 7 बजे के बाद की मानी जा रही है। अपराध को छिपाने के लिए अर्जुन ने 2 जनवरी को झूठी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस कार्रवाई से पहले ही वह अमेरिका छोड़कर भारत फरार हो गया।
हावर्ड काउंटी पुलिस ने अर्जुन शर्मा के खिलाफ फर्स्ट डिग्री और सेकंड डिग्री मर्डर के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है। फिलहाल हत्या के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। अमेरिकी पुलिस अब फेडरल कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर आरोपी को पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश तेज कर रही है।
