दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद केजरीवाल के लिए गुजरात से राहत की खबर, सर्वे के नतीजों ने चौंकाया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुजरात विधानसभा चुनाव में अभी करीब दो साल का समय बाकी है, लेकिन राज्य की राजनीति में सरगर्मी तेज हो चुकी है। दिल्ली में सत्ता गंवाने के बाद आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के लिए गुजरात से राहत भरी खबर सामने आई है। एक हालिया सर्वे में दावा किया गया है कि भले ही गुजरात में भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दबदबा बना हुआ है, लेकिन आम आदमी पार्टी कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बन सकती है।

सर्वे एजेंसी द्वारा कराए गए इस सर्वे में 40,000 से ज्यादा लोगों की राय शामिल की गई। सर्वे के मुताबिक, गुजरात में फिलहाल बीजेपी को किसी बड़े राजनीतिक खतरे का सामना नहीं है। पार्टी को करीब 49.5 प्रतिशत वोट शेयर मिलने का अनुमान है। गौरतलब है कि पिछली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी।

सर्वे में यह भी संकेत मिला है कि आम आदमी पार्टी का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। पिछली बार केवल पांच सीटें जीतने वाली AAP इस बार 24.8 प्रतिशत वोट शेयर के साथ कांग्रेस को पीछे छोड़ सकती है। कांग्रेस को इस बार सिर्फ 17.3 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है। वहीं, 8.4 प्रतिशत लोग अन्य विकल्पों के पक्ष में हैं या अभी अनिर्णीत बताए गए हैं।

सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में बीजेपी को 47 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि आम आदमी पार्टी यहां 28 प्रतिशत वोट के साथ मजबूत प्रदर्शन कर सकती है। कांग्रेस को इस क्षेत्र में केवल 16 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है।

उत्तर गुजरात में बीजेपी को 51 प्रतिशत, AAP को 22 प्रतिशत और कांग्रेस को 19 प्रतिशत वोट मिलने की संभावना है।

मध्य गुजरात में बीजेपी का प्रदर्शन सबसे मजबूत रहने का अनुमान है, जहां पार्टी को 55 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। इस क्षेत्र में भी आम आदमी पार्टी कांग्रेस को पीछे छोड़ सकती है। यहां AAP को 19 प्रतिशत और कांग्रेस को 18 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान लगाया गया है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें