सीएसआईआर-केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह के अवसर पर, भारत के प्रमुख सड़क अनुसंधान संस्थान, सीएसआईआर-सीआरआरआई और इस्पात क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आर्सेलर मित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया के बीच सड़क निर्माण में लौह अयस्क के अपशिष्ट पदार्थों के उपयोग की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक अनुसंधान एवं विकास समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
इस अवसर पर, हरित अवसंरचना विकास के लिए चक्रीय अर्थव्यवस्था और अपशिष्ट से धन रूपांतरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के महानिदेशक और सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी ने इस बात पर बल दिया कि सड़क निर्माण में लौह अयस्क अपशिष्ट के संभावित उपयोग से खनन अपशिष्ट से हरित सड़कों का मार्ग प्रशस्त हो सकता है। इस्पात स्लैग जैसी अपशिष्ट सामग्री को इस्पात स्लैग सड़क निर्माण में परिवर्तित करने के लिए संस्थान के अग्रणी कार्य की सराहना करते हुए, सीएसआईआर के महानिदेशक ने बताया कि ओडिशा, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक में फैले विभिन्न लौह अयस्क शोधन संयंत्रों से देश में प्रतिवर्ष लगभग 18-20 मिलियन टन लौह अयस्क अपशिष्ट उत्पन्न होता है। लौह अयस्क अपशिष्ट अपनी विशाल मात्रा के कारण पर्यावरणीय और आर्थिक चुनौतियाँ प्रस्तुत करते हैं। इन अपशिष्टों को बड़े बांधों में संग्रहित किया जाता है और इन्हें आमतौर पर स्लाइम कहा जाता है।
