उत्तर भारत की ठंडी हवाओं ने गुजरात–महाराष्ट्र को ठिठुराया, अभी और गिरेगा तापमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर अब गुजरात और महाराष्ट्र में भी साफ दिखाई देने लगा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के चलते दोनों राज्यों में तापमान तेजी से गिरा है और लोगों को कंपकंपाती ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है।

गुजरात में तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में 11.4 डिग्री सेल्सियस के साथ नलिया राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। इसके अलावा दाहोद में 11.8 डिग्री, डीसा में 12.8 डिग्री, वडोदरा में 13.6 डिग्री, भुज में 14.4 डिग्री, गांधीनगर में 15 डिग्री, राजकोट में 15.4 डिग्री, अहमदाबाद में 15.6 डिग्री, भावनगर में 15.8 डिग्री और सूरत में 18.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक राज्य में ठंड का यही रुख बना रहेगा, जिससे नए साल की शुरुआत भी ठिठुरन के साथ होने की संभावना है।

महाराष्ट्र में भी उत्तर भारत की ठंडी हवाओं का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव और धुले जिलों में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। इसके अलावा विदर्भ के सीमावर्ती इलाकों में भी ठंड का प्रकोप बढ़ने के आसार हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय ठंडे हवाओं के प्रभाव से पश्चिम भारत में तापमान में और गिरावट आ सकती है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और देर रात ठंड अधिक रहने की संभावना है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें