एससीओ के सदस्य देशों और संवाद साझेदारों, विद्वानों एवं प्रतिनिधियों ने पांडुलिपियों के संरक्षण, अनुवाद, डिजिटलीकरण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर विचार-विमर्श किया
भारत की पांडुलिपि विरासत में शासन व्यवस्था, अर्थव्यवस्था, चिकित्सा, गणित, खगोल विज्ञान, कृषि और सतत जीवनशैली से संबंधित ज्ञान समाहित है। यह समृद्ध सभ्यतागत यात्रा को दर्शाती है, जिसमें लिपि, भाषा और ज्ञान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के बीच ज्ञान का आदान-प्रदान होता रहा है।
ऋग्वेद की प्रार्थना “आ नो भद्राः क्रतवो यन्तु विश्वतः” (हमारे पास सभी दिशाओं से शुभ विचार आएं) की भावना में निहित इस साझा विरासत पर 22 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के पुराना किला में संस्कृति मंत्रालय द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत आयोजित चौथे सत्र में विशेष रूप से चर्चा की गई। ‘भाषा, साहित्य, लिपि और पांडुलिपि परंपराएं’ विषय पर आयोजित इस सत्र में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों और संवाद साझेदारों के प्रख्यात विद्वानों, विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान साझा पांडुलिपि विरासत और आपसी सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
यह सत्र 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित प्रथम एससीओ सभ्यता संवाद मंच का हिस्सा था। इस मंच का उद्घाटन भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव और ज्ञान भारतम् के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री इंद्रजीत सिंह, ने एससीओ देशों के प्रतिभागियों को ज्ञान भारतम् मिशन और इसके अंतर्गत संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने मिशन के अंतर्गत एससीओ देशों की भागीदारी से जुड़ी प्रमुख गतिविधियों के बारे में बताया। इनमें सर्वेक्षण एवं सूचीकरण, संरक्षण एवं क्षमता विकास प्रौद्योगिकी एवं डिजिटलीकरण, भाषाविज्ञान एवं अनुवाद तथा अनुसंधान, प्रकाशन एवं जनसंपर्क शामिल हैं।
उन्होंने एआई की प्रमुख विशेषताओं और इसके एकीकृत अनुप्रयोगों- ज्ञान-मित्रम एआई, पांडुलिपि दर्पण और भारतीय जीपीटी की जानकारी दी। उन्होंने राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण के माध्यम से 1.26 करोड़ से अधिक पांडुलिपियों की जानकारी प्राप्त होने की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।
उन्होंने मिशन के सहयोगात्मक दृष्टिकोण पर जोर देते हुए कहा, “ज्ञान भारतम् मिशन के लिए यह एक जिम्मेदारी भी है और मिलकर काम करने का आमंत्रण भी।” उन्होंने एससीओ क्षेत्र में भारतीय लिपियों के महत्व तथा वैश्विक संवाद को बढ़ावा देने और ज्ञान का एक वैश्विक डिजिटल भंडार तैयार करने में पांडुलिपियों की भूमिका को भी उजागर किया।
संस्कृति मंत्रालय में ज्ञान भारतम् के परियोजना निदेशक प्रो. अनिर्बान दास ने प्रतिभागियों का स्वागत किया और सत्र का संचालन किया। उन्होंने कहा कि भाषा हमारे विचारों को अभिव्यक्ति देती है, साहित्य उन्हें संरक्षित करता है और ये पांडुलिपियां समय एवं स्थान की सीमाओं से परे ज्ञान को आगे बढ़ाती हैं। उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि किस प्रकार ज्ञान ने पर्वतों और समुद्रों को पार करते हुए विभिन्न क्षेत्रों की यात्रा की, अनुवाद एवं अनुकूलन की प्रक्रियाओं से गुजरा और विभिन्न समाजों के बौद्धिक जीवन का हिस्सा बना।
सत्र में चार प्रमुख विषयों ‘अनेक भाषाएं, अनेक लिपियां: भारत की भाषाई एवं लिपिगत विरासत और एशियाई भाषाओं पर इसका प्रभाव’; ‘गतिशील साहित्य: एशिया में भारतीय ग्रंथों का प्रसार, अनुवाद और स्थानीयकरण’; ‘सीमाओं से परे पांडुलिपियां: भारत की पांडुलिपि विरासत की वैश्विक उपस्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में इसका प्रसार’; तथा ‘बिखरे हुए ज्ञान को फिर से जोड़ना: ज्ञान भारतम् और पांडुलिपि विरासत का डिजिटल भविष्य’ पर चर्चा हुई।
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के एसएसआईएस के प्रोफेसर प्रो. रजनीश कुमार मिश्रा ने भारत की समृद्ध भाषाई एवं लिपिगत विरासत और एशियाई भाषाओं पर इसके प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने हमारे महान ऋषियों के संवादों और लेखन के माध्यम से विश्वभर में फैली विविध प्रकृति, अवधारणाओं और अभिव्यक्ति के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति का प्रसार सिल्क रूट के माध्यम से समुद्र पार के क्षेत्रों तक भी हुआ। उन्होंने शंकराचार्य, रामशेखर, आचार्य अभिनवगुप्त सहित अन्य विद्वानों और विभिन्न क्षेत्रीय पांडुलिपि परंपराओं एवं पाठांतरों का भी उल्लेख किया।
कलकत्ता विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के अध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. के.के. मिश्रा ने डिजिटलीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने, अधिक भाषाओं में अनुवाद, एआई के विविध उपयोगों और एनडीआर की स्थापना के माध्यम से वैश्विक स्तर पर ज्ञान की सुलभता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने फ्रांस की राष्ट्रीय पुस्तकालय (बीएनएफ), थाईलैंड, वियतनाम, मंगोलिया और रूस, गूगल आर्ट्स एंड कल्चर तथा द्विपक्षीय एवं अभिलेखीय संबंधों का उल्लेख किया। उन्होंने अनुवादकों, तीर्थयात्रियों और नालंदा से जुड़े पहलुओं पर भी चर्चा की।
टीकेडीएल इकाई की प्रमुख डॉ. विश्वजननी जे. सत्तिगेरी ने ज्ञान भारतम् और पांडुलिपि विरासत के डिजिटल भविष्य पर अपने विचार रखे। उन्होंने हमारी पारंपरिक ज्ञान संपदा को चोरी और दुरुपयोग से बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पारंपरिक ज्ञान के प्रकाशित स्वरूप, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर), पेटेंट कोड, डेटाबेस में संहिताबद्ध मेटाडेटा तथा दोहराव और अनुचित उपयोग को रोकने के लिए नियंत्रित पहुंच की व्यवस्था के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने इस संदर्भ में पारंपरिक ज्ञान डिजिटल लाइब्रेरी (टीकेडीएल) का उदाहरण भी दिया।
आईआईटी बॉम्बे के प्रो. के. राम सुब्रमण्यम ने पांडुलिपियों और किसी विषय को सही परिप्रेक्ष्य में समझने में उनकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पांडुलिपियां हमारे विचारों, अभिव्यक्ति और मानसिकता को आकार देती हैं। पंचतंत्र का उदाहरण देते हुए, जिसका अरबी, फारसी सहित 50 से अधिक विदेशी भाषाओं में अनुवाद हो चुका है, उन्होंने अनुवाद में मूल सामग्री को किसी भी प्रकार की पक्षपातपूर्ण व्याख्या से मुक्त रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ज्ञान का क्षय होना स्वाभाविक है, इसलिए उसका संरक्षण आवश्यक है। सैकड़ों वर्षों तक संरक्षित रखी गई कोई पांडुलिपि केवल अपनी विषयवस्तु के लिए ही नहीं, बल्कि अपने साथ समय और परंपराओं की यात्रा को संजोए रखने के कारण भी अनमोल होती है।
ईरान, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, कंबोडिया, उज्बेकिस्तान, लाओस और नेपाल सहित कई एससीओ देशों के प्रतिनिधियों ने चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने अपने-अपने देशों में पांडुलिपियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों और पहलों की जानकारी साझा की तथा पांडुलिपियों से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के ज्ञान भारतम् मिशन के साथ सहयोग करने में रुचि व्यक्त की।
सत्र का समापन पांडुलिपि संरक्षण, लिपि प्रशिक्षण, तुलनात्मक साहित्यिक अध्ययन, अनुसंधान एवं अनुवाद, सूचीकरण, शैक्षणिक आदान-प्रदान, अधिकृत डिजिटल पहुंच और संयुक्त अनुसंधान के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ। इस सत्र के दौरान साझा विरासत और ज्ञान परंपराओं की भूमिका को रेखांकित किया गया, जो एससीओ क्षेत्र में सांस्कृतिक समझ और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
