निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, योग सत्रों और स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़ी संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बड़ी संख्या में आगंतुकों को कर रहा है आकर्षित
आयुष मंत्रालय 13 से 27 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम स्थित हॉल संख्या 2 में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 में भारत की विविध पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का प्रदर्शन कर रहा है। आयुष मंडप में आगंतुकों को स्वास्थ्य परामर्श, संवादात्मक गतिविधियां, पारंपरिक आहार तैयारियां, औषधीय पौधों का प्रदर्शन और शैक्षणिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने में आयुष चिकित्सा पद्धतियों की प्रासंगिकता एवं महत्व को रेखांकित करते हुए विशेष अनुभव प्रदान किया जा रहा है।
आयुष मंत्रालय के अंतर्गत विभिन्न संस्थान और अनुसंधान परिषदें इस मंडप में एक साथ भागीदारी कर रही हैं। यहां पारंपरिक ज्ञान को दैनिक जीवन की स्वास्थ्य संबंधी आदतों से जोड़ते हुए विभिन्न गतिविधियों और सेवाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है। केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद– केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान द्वारा आयुर्वेद की ओपीडी सेवाएं और प्रकृति परीक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही निवारक स्वास्थ्य देखभाल, स्वस्थ जीवनशैली और आयुर्वेदिक स्वास्थ्य एवं कल्याण से संबंधित जानकारी भी दी जा रही है। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, नई दिल्ली द्वारा आमतौर पर उपयोग की जाने वाली औषधीय जड़ी-बूटियों और मसालों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें अश्वगंधा, शतावरी, अर्जुन, आंवला, हरिद्रा और गुडूची शामिल हैं। इनके पारंपरिक आयुर्वेदिक उपयोगों तथा स्वास्थ्य संवर्धन में उनकी प्रासंगिकता की जानकारी भी दी जा रही है। आगंतुकों को औषधीय जड़ी-बूटियों के उपयोग से पहले उचित मात्रा, व्यक्तिगत स्वास्थ्य स्थिति और विशेषज्ञों की सलाह के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, जयपुर द्वारा आयुष आहार उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें रागी कुकीज़, त्रिफला जैम, एलोवेरा जेल और हर्बल लिप बाम शामिल हैं। यहां आहार और जीवनशैली पर आधारित आयुर्वेदिक सांप-सीढ़ी खेल तथा मानव शरीर के विभिन्न तंत्रों को दृश्य रूप में समझाने वाले वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र हैं। इसके अतिरिक्त, प्रकृति, पंचकर्म, आयुर्वेदिक पाककला और दैनिक जीवन में आयुर्वेद की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार सामग्री भी प्रदर्शित की जा रही है।
राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ द्वारा आयुर्वेद आधारित खाद्य नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए पोषक कुकीज़, आयुर्वेदिक ब्रेड और पारंपरिक पेय पदार्थ पानकम का प्रदर्शन किया जा रहा है। ‘दादी से पूछो’ और ‘मिलेट्स ऑन द व्हील’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से आगंतुकों को पारंपरिक खानपान की आदतों, मोटे अनाज के पोषण संबंधी लाभों और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा आयुष मंडप में बनाए गए विशेष मंच पर नियमित रूप से योग प्रदर्शन और योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। आगंतुकों को उनकी आयु, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और जीवनशैली के अनुरूप व्यक्तिगत योग परामर्श भी दिया जा रहा है। इसके अलावा, योग प्रश्नोत्तरी और आसन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आगंतुकों में योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के प्रति विशेष रुचि देखने को मिल रही है।
केंद्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अंतर्गत नई दिल्ली स्थित क्षेत्रीय यूनानी चिकित्सा अनुसंधान संस्थान द्वारा संचालित यूनानी स्टॉल पर पारंपरिक यूनानी आहार एवं स्वास्थ्य देखभाल पद्धतियों को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां आगंतुकों को यूनानी कहवा, हरीरा, हलवा ग़ीकावर, गुलकंद और मुरब्बा आंवला जैसे पारंपरिक खाद्य एवं पेय पदार्थों का स्वाद चखने का अवसर दिया जा रहा है। एक संशोधित डिजिटल मिजाज मूल्यांकन कियोस्क के माध्यम से आगंतुक अपने मिजाज का आकलन कर सकते हैं और व्यक्तिगत आहार संबंधी सुझाव प्राप्त कर सकते हैं। स्टॉल पर यूनानी चिकित्सा पद्धति से संबंधित डिजिटल प्रस्तुतियां और वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। 18 और 19 नवंबर को यूनानी ओपीडी के माध्यम से 151 मरीजों को निःशुल्क परामर्श और औषधियां उपलब्ध कराई गईं।
केंद्रीय सिद्धा अनुसंधान परिषद और राष्ट्रीय सिद्ध संस्थान, चेन्नई द्वारा संचालित सिद्धा चिकित्सा स्टॉल पर सिद्धा चिकित्सा के सिद्धांतों, निवारक स्वास्थ्य देखभाल की पद्धतियों और चिकित्सीय उपयोगों के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी में सिद्धा आहार, पोषण, जीवनशैली में बदलाव, निदान पद्धतियों, पारंपरिक औषधीय योगों और वर्म चिकित्सा सहित विभिन्न उपचार पद्धतियों को प्रदर्शित किया गया है। आगंतुकों को जानकारी देने के लिए डिजिटल प्रस्तुतियों, वृत्तचित्रों और आईईसी सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय सिद्धा संस्थान की शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इनमें बीएसएमएस, एमडी (सिद्धा) और पीएचडी पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को सिद्धा चिकित्सा के क्षेत्र में शिक्षा और करियर की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है।
केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद द्वारा डिजिटल ऑडियो-विजुअल सामग्री, आईईसी सामग्री और आयुष आहार उत्पादों के प्रदर्शन के माध्यम से योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी दी जा रही है। आगंतुकों को स्वस्थ नाश्ते के विकल्पों के रूप में मखाना लड्डू, मूंगफली लड्डू, तिल लड्डू और नमकीन जैसे खाद्य पदार्थों से परिचित कराया जा रहा है। इसके अलावा, 17 और 18 नवंबर को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आहार संबंधी आदतों और जीवनशैली में सुधार के विषयों पर निःशुल्क परामर्श भी उपलब्ध कराया गया।
राष्ट्रीय सोवा-रिग्पा संस्थान द्वारा आगंतुकों को हिमालयी क्षेत्र की प्राचीन चिकित्सा परंपराओं से परिचित कराया जा रहा है। स्टॉल पर सोवा-रिग्पा आहार, उपचार संबंधी पद्धतियों और हर्बल औषधीय योगों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही, विशेषज्ञों द्वारा सोवा-रिग्पा के पारंपरिक ग्रंथों के आधार पर आगंतुकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन भी प्रदान किया जा रहा है।
राष्ट्रीय औषधीय पादप बोर्ड द्वारा जीवंत पौधों के प्रदर्शन, सूचनात्मक सामग्री और शतावरी के औषधीय पौधों के वितरण के माध्यम से औषधीय पौधों के महत्व को रेखांकित किया जा रहा है। क्यूआर कोड युक्त पौधों के माध्यम से आगंतुकों को संबंधित पौधों की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की सुविधा दी जा रही है। इसके अतिरिक्त, औषधीय पौधों और उनके उपयोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ब्रोशर, पर्चे और ‘प्रोफेसर आयुष्मान’ नामक कॉमिक पुस्तक का वितरण भी किया जा रहा है।
विभिन्न प्रदर्शनियों और संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2026 में आयुष मंडप आगंतुकों को देश की पारंपरिक स्वास्थ्य देखभाल प्रणालियों और स्वास्थ्य देखभाल, पोषण और समग्र स्वास्थ्य को समझने का अवसर प्रदान कर रहा है। इसके माध्यम से आयुष मंत्रालय की उन निरंतर पहलों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य सुलभ, रोचक और शैक्षणिक गतिविधियों के जरिए आयुष पद्धतियों को आमजन के और करीब लाना तथा पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना है।
