अरावली जिले के भिलोड़ा स्थित आर. जी. बारोट कॉलेज के ट्रस्टी और भिलोड़ा भाजपा तालुका युवा मोर्चा के महामंत्री देवांग बारोट द्वारा एक आदिवासी छात्र के साथ की गई बेरहमी से मारपीट के मामले में पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना के विरोध में शुक्रवार, 16 जनवरी को श्यामलाजी और भिलोड़ा के बाजार पूरी तरह बंद रहे।
घटना 9 जनवरी की है। भिलोड़ा की आर. जी. बारोट नर्सिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहे एक छात्र की कॉलेज बस के ड्राइवर के साथ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद कॉलेज के ट्रस्टी देवांग बारोट मौके पर पहुंचे और छात्र के साथ लाठी से बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उन्होंने छात्र के गाल पर थप्पड़ मारे और उसकी जाति को लेकर अपमानजनक शब्दों का भी इस्तेमाल किया।
मारपीट में घायल छात्र को सिर में गंभीर दर्द की शिकायत होने पर हिम्मतनगर सिविल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इस मामले में छात्र की मां ने 10 जनवरी को भिलोड़ा पुलिस थाने में देवांग बारोट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
घटना के बाद आदिवासी डूंगरी गरासिया जनरल पंचायत और समस्त समाज की ओर से ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। सामाजिक दबाव और विरोध के चलते पुलिस ने देवांग बारोट को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें सब-जेल भेजने का आदेश दिया गया।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है और आदिवासी समाज में भारी नाराजगी देखने को मिली है।
