शहर के अटलादरा इलाके में नारायण वाड़ी रोड पर सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय अभिषेक अशोकभाई गुप्ता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला था और वडोदरा में निजी कंपनी में नौकरी करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभिषेक सुबह करीब पांच बजे बाइक लेकर चाय पीने के लिए निकला था। इसी दौरान नारायण वाड़ी के पास सामने से आ रहे टेम्पो से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल अभिषेक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अटलादरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोत्री अस्पताल भेज दिया है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजन वडोदरा के लिए रवाना हो चुके हैं, तब तक शव को अस्पताल के कोल्ड रूम में रखा गया है।
