वैज्ञानिकों ने नेटवर्क की कनेक्टिविटी (जुड़ाव की संरचना) में बदलाव करके उसमें क्वांटम चुंबकत्व के एक विशिष्ट रूप को नियंत्रित करने का तरीका खोजा है। इस खोज का उपयोग क्वांटम उपकरणों और क्वांटम सूचना के भंडारण में किया जा सकता है।
कई प्रणालियां परस्पर क्रिया करने वाली वस्तुओं से मिलकर बनी होती हैं। इनमें कमरे की हवा में मौजूद गैस से लेकर सामाजिक नेटवर्क तक शामिल हैं। हवाई जहाज की मैगजिन में उड़ान मार्गों को दर्शाने वाले हब-एंड-स्पोक बताते हैं कि किस प्रकार आपसी जुड़ाव लोगों को विभिन्न शहरों के बीच आवागमन में सक्षम बनाता है। इसका एक अन्य उदाहरण कोविड के दौरान संक्रमण फैलाने वाले सुपरस्प्रेडर्स हैं, जिन्होंने बीमारी के प्रसार में प्रमुख केंद्रों की भूमिका निभाई थी।
ये उदाहरण दर्शाते हैं कि किस प्रकार जुड़ाव के अलग-अलग पैटर्न किसी प्रणाली के सामूहिक व्यवहार को निर्धारित कर सकते हैं। हालांकि, ये सभी क्लासिकल प्रणालियां हैं।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के स्वायत्त संस्थान रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट (आरआरआई) की टीम ने यह अध्ययन किया कि जब कई क्वांटम वस्तुएं एक-दूसरे के साथ परस्पर क्रिया करती हैं, तो क्या होता है, सामूहिक क्रम को कौन-से कारक निर्धारित करते हैं और क्वांटम इकाइयां स्वयं को किस प्रकार व्यवस्थित करती हैं।
इस प्रणाली को समझने के लिए आरआरआई में पोस्टडॉक्टोरल फेलो और इस नए अध्ययन की प्रमुख लेखिका रेवती बी.एस. तथा सह-लेखक और आरआरआई के सैद्धांतिक भौतिकी समूह के सहायक प्रोफेसर शोवन दत्ता ने स्क्वायर लैटिस की परिकल्पना की। इसमें एक स्थान रिक्त रखा गया और शेष सभी स्थानों पर एक-एक इलेक्ट्रॉन मौजूद था।
