अहमदाबाद: सुभाष ब्रिज के दोनों ओर बनेंगे नए पुल, मौजूदा ब्रिज की मरम्मत कर किया जाएगा मजबूत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाल ही में सुरक्षा कारणों से बंद किए गए अहमदाबाद के सुभाष ब्रिज को लेकर अहमदाबाद म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन (AMC) ने बड़ा फैसला लिया है। निगम ने स्पष्ट किया है कि मौजूदा ब्रिज को तोड़ा नहीं जाएगा, बल्कि उसकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। साथ ही, ब्रिज के दोनों ओर दो-दो लेन के नए पुल बनाए जाएंगे, जिससे सड़क की कुल चौड़ाई बढ़ाकर 36 मीटर की जाएगी।

AMC के अनुसार, इस परियोजना के पूरा होने के बाद ट्रैफिक की समस्या को स्थायी रूप से कम किया जा सकेगा। पहले चरण में मौजूदा ब्रिज के सुपर स्ट्रक्चर को हटाकर स्टील कॉम्पोजिट गर्डर आधारित नया सुपर स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इसके लिए मौजूदा पिलरों को माइक्रो-कंक्रीट जैकेटिंग के जरिए मजबूत किया जाएगा।

दूसरे चरण में मौजूदा ब्रिज के दोनों ओर एक ही स्तर पर नए 2-2 लेन के पुलों का निर्माण किया जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट EPC मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसकी अनुमानित लागत करीब 250 करोड़ रुपये बताई गई है। निगम का लक्ष्य है कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद 9 महीनों के भीतर काम पूरा कर लिया जाए, ताकि शहरवासियों को लंबे समय तक परेशानी न झेलनी पड़े।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह निर्णय ट्रैफिक दबाव और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद शहर के उत्तर और मध्य क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगा।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें