शहर में नकली भारतीय मुद्रा के बड़े षड्यंत्र का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) सहित अहमदाबाद की 17 सरकारी और निजी बैंकों में 5.33 लाख रुपये से अधिक की नकली करेंसी जमा होने से हड़कंप मच गया है। इस मामले में अहमदाबाद SOG क्राइम ब्रांच ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच के दौरान बैंकों से जब्त किए गए सीलबंद लिफाफों को खोलने पर कुल 1,627 नकली नोट बरामद किए गए, जिनमें 500, 200, 100, 50 और 2000 रुपये के नोट शामिल हैं। कुछ नोटों पर स्पष्ट रूप से ‘चिल्ड्रन बैंक’ लिखा हुआ पाया गया, जबकि कई नोट हाई-क्वालिटी कलर ज़ेरॉक्स जैसे नजर आए। फटी और खराब नोटों को टेप और गोंद से जोड़कर उन्हें चलन में लाने की कोशिश की गई थी।
SOG ने इस मामले में ‘ई-साक्ष्य’ एप के जरिए सभी नकली नोटों की डिजिटल वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कर मजबूत कानूनी सबूत जुटाए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट बैंकिंग सिस्टम तक कैसे पहुंचे और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय है या नहीं।

