गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गुजरात ATS और राजस्थान पुलिस की SOG ने संयुक्त ऑपरेशन में राजस्थान के खैरथल जिले के भिवाड़ी स्थित RIICO इंडस्ट्रियल एरिया में चल रही एक अवैध ड्रग्स मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। 28 दिसंबर 2025 को की गई इस कार्रवाई में करोड़ों रुपये मूल्य का केमिकल, ड्रग्स बनाने का कच्चा माल और उपकरण जब्त किए गए हैं।
जांच के दौरान ‘APL Pharma’ नाम की कंपनी से करीब 22 किलो साइकोट्रॉपिक केमिकल अल्प्राजोलम प्रीकर्सर, अर्ध-प्रोसेस्ड माल और कई प्रतिबंधित केमिकल बरामद किए गए। पुलिस ने इस ड्रग्स रैकेट के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फैक्ट्री में काम कर रहे अन्य लोगों से भी पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह गुजरात समेत देश के कई राज्यों में ड्रग्स सप्लाई करने का बड़ा नेटवर्क चला रहा था। पुलिस अब पूरे रैकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

