उत्तर भारत की सर्द हवाओं ने गुजरात–महाराष्ट्र को ठिठुराया, तापमान में और गिरावट के आसार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर भारत में जारी कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर अब गुजरात और महाराष्ट्र में भी साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। उत्तरी दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण दोनों राज्यों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जा सकता है, जिससे नए साल की शुरुआत भी ठिठुरन के साथ होने की संभावना है।

गुजरात में तापमान के पारे में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों के दौरान 11.4 डिग्री सेल्सियस के साथ नलिया राज्य का सबसे ठंडा शहर रहा। इसके अलावा दाहोद में 11.8 डिग्री, डीसा में 12.8 डिग्री, वडोदरा में 13.6 डिग्री, भुज में 14.4 डिग्री, गांधीनगर में 15 डिग्री, राजकोट में 15.4 डिग्री, अहमदाबाद में 15.6 डिग्री, भावनगर में 15.8 डिग्री और सूरत में 18.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक गुजरात में ठंड का यही मिजाज बना रहेगा, जिससे जनवरी की शुरुआत भी कड़ाके की ठंड के साथ होगी।

महाराष्ट्र में भी उत्तर भारत की ठंडी हवाओं का असर बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक, उत्तर महाराष्ट्र के नासिक, जलगांव और धुले जिलों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके अलावा विदर्भ और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी ठंड का जोर बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर भारत में सक्रिय ठंडी हवाओं का यह सिलसिला पश्चिम भारत तक असर दिखा रहा है। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सुबह और देर रात ठंड अधिक महसूस की जा रही है, इसलिए लोगों को गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की अपील की गई है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें