गुजरात के कच्छ जिले में भूकंप के झटकों का सिलसिला लगातार जारी है। शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात 1:22 बजे खावड़ा के पास 4.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप महसूस किया गया। गहरी नींद में सो रहे लोग तेज झटकों से जाग गए और डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। बीते 24 घंटों में कच्छ के विभिन्न इलाकों में यह तीसरा भूकंपीय झटका दर्ज किया गया है।
इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR), गांधीनगर के अनुसार, शनिवार तड़के आए इस भूकंप की तीव्रता 4.1 मापी गई। भूकंप का केंद्र कच्छ के खावड़ा से लगभग 55 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में स्थित था और इसकी गहराई जमीन के भीतर 11.6 किलोमीटर थी। अधिक तीव्रता के कारण खावड़ा सहित आसपास के बड़े क्षेत्र में जोरदार कंपन महसूस किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह की जान-माल की हानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
इससे पहले शुक्रवार, 16 जनवरी को भी कच्छ जिले में दो हल्के भूकंपीय झटके दर्ज किए गए थे। शुक्रवार दोपहर 1:50 बजे भचाऊ से 21 किलोमीटर उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में 2.7 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसकी गहराई 23.9 किलोमीटर थी। वहीं, उसी दिन सुबह 5:47 बजे रापर से 19 किलोमीटर पश्चिम-उत्तरपश्चिम दिशा में 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था, जिसकी गहराई 11.1 किलोमीटर थी।
एक ही दिन में लगातार आए इन तीन भूकंपीय झटकों, खासकर 4.1 तीव्रता वाले भूकंप के बाद स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया है। उल्लेखनीय है कि कच्छ जिला सिस्मिक ज़ोन-5 में आता है, जहां समय-समय पर भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं।
