जामनगर नगर निगम के पूर्व विपक्षी नेता पर जानलेवा हमला, पार्षद समेत 6 आरोपियों पर मामला दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जामनगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां जामनगर महानगरपालिका के पूर्व विपक्षी नेता और हाल ही में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए वार्ड नंबर 12 के पार्षद असलम खीलजी पर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में राजनीतिक रंजिश के चलते साजिश रचने का आरोप लगाते हुए एक अन्य पार्षद अल्ताफ खफी समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।

क्या है पूरा मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार (29 दिसंबर) की शाम असलम खीलजी नगर निगम कार्यालय से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भीड़भंजन रोड पर एक कार में सवार होकर आए पांच हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों के हाथों में तलवार, लोहे के पाइप और लकड़ी के डंडे थे, जिनसे उन्होंने असलम खीलजी पर बेरहमी से हमला कर दिया।

हमले में असलम खीलजी के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां वे फिलहाल आईसीयू में इलाजरत हैं।

राजनीतिक रंजिश का आरोप
इस मामले में असलम खीलजी के भतीजे शाहनवाज खीलजी ने सिटी ए-डिवीजन पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, इस हमले की साजिश वार्ड नंबर 12 के ही पार्षद अल्ताफ खफी ने रची थी। दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से राजनीतिक तनाव और वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। इसी दुश्मनी के चलते अल्ताफ खफी ने कथित तौर पर सुपारी देकर असलम खीलजी की हत्या करवाने का प्रयास किया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी अल्ताफ खफी के अलावा जुनेद, रजाक चौहान, इस्तियाक, सलीम खीलजी, हबीब खफी और समीर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

शहर में कड़ा पुलिस बंदोबस्त
हमले के बाद जामनगर के कालाावड़ नाका, पटनीवाड़ समेत कई संवेदनशील इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था तैनात कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।

Sajag Kutch
Author: Sajag Kutch

Leave a Comment

और पढ़ें