अहमदाबाद–मुंबई नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सूरत जिले के कोसंबा ब्रिज के पास अहमदाबाद–मुंबई नेशनल हाईवे-48 पर बुधवार (31 दिसंबर) तड़के एक दर्दनाक हिट एंड रन हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जब दोनों युवक बाइक से नेशनल हाईवे-48 पर गुजर रहे थे, तभी कोसंबा ब्रिज के पास पीछे से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर सड़क पर गिर पड़े। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद वाहन चालक ने मानवता को दरकिनार करते हुए घायल युवकों की मदद करने के बजाय तुरंत मौके से फरार होना बेहतर समझा। दुर्घटना की खबर फैलते ही हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की जांच की जा रही है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें