दुनिया की सबसे ज्यादा सैलरी देने वाली स्टार्टअप बनी OpenAI, 4,000 कर्मचारियों को औसतन 13.48 करोड़ रुपये का पैकेज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

साल 2025 आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के नाम रहा और इस क्रांति में सबसे बड़ा योगदान ChatGPT का रहा। 40 करोड़ से ज्यादा बार डाउनलोड की जा चुकी इस ऐप की जबरदस्त सफलता का सीधा फायदा OpenAI के कर्मचारियों को मिल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, OpenAI अपने करीब 4,000 कर्मचारियों को स्टॉक-बेस्ड मुआवज़े के साथ औसतन 13.48 करोड़ रुपये सालाना का पैकेज दे रही है, जिससे यह दुनिया की सबसे ज्यादा सैलरी देने वाली स्टार्टअप बन गई है।

महंगाई-आधारित विश्लेषण में सामने आया है कि OpenAI का वेतन ढांचा कई दिग्गज टेक कंपनियों से कहीं आगे है। तुलना करें तो यह अपने कर्मचारियों को गूगल से करीब सात गुना ज्यादा भुगतान कर रही है और 18 बड़ी टेक कंपनियों के IPO से पहले दिए गए औसत वेतन से 51 गुना अधिक सैलरी दे रही है।

जहां एक ओर कई कंपनियां AI के चलते बड़े पैमाने पर छंटनी कर रही हैं, वहीं OpenAI अपने टॉप रिसर्चर्स और इंजीनियर्स को भारी स्टॉक पैकेज देकर सिलिकॉन वैली के सबसे अमीर कर्मचारियों में शामिल कर रही है। बताया जा रहा है कि इस वेतन प्रतिस्पर्धा के पीछे मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग का भी अप्रत्यक्ष असर है, जिन्होंने OpenAI के शीर्ष कर्मचारियों को अरबों डॉलर के पैकेज ऑफर किए थे।

वित्तीय आंकड़ों के अनुसार, OpenAI अपनी कुल आय का करीब 46 प्रतिशत हिस्सा सैलरी और स्टॉक मुआवज़े पर खर्च कर रही है। अनुमान है कि 2030 तक कंपनी का स्टॉक-बेस्ड सैलरी पैकेज 5 अरब डॉलर (करीब 34,000 करोड़ रुपये) से भी ज्यादा हो सकता है।

Sajag Kutch
Author: Sajag Kutch

Leave a Comment

और पढ़ें