1500 करोड़ के जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई, सुरेंद्रनगर के पूर्व कलेक्टर राजेंद्र पटेल ED की गिरफ्त में

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुजरात के प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मचाने वाली बड़ी खबर सामने आई है। करीब 1500 करोड़ रुपये के जमीन घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने सुरेंद्रनगर के पूर्व कलेक्टर राजेंद्र पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। ED की तीन टीमों ने गांधीनगर स्थित उनके निवास पर लंबी पूछताछ के बाद यह कड़ी कार्रवाई की।

सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र पटेल से करीब तीन घंटे तक गहन पूछताछ की गई। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ED ने उन्हें हिरासत में ले लिया। अब उन्हें विशेष अदालत में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला सुरेंद्रनगर जिले में कृषि भूमि को गैर-कृषि (NA) में बदलने से जुड़े बड़े घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि सत्ता का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की जमीन को NA कराने के बदले भारी रकम की लेन-देन की गई। इस पूरे खेल में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार होने की बात सामने आई थी।

घोटाले की गंभीरता को देखते हुए ED ने 23 दिसंबर 2025 को सुरेंद्रनगर कलेक्टर कार्यालय से जुड़े अधिकारियों और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। जांच में मनी लॉन्ड्रिंग और अवैध वित्तीय लेन-देन के अहम सबूत मिलने का दावा किया गया है।

ACB में भी दर्ज हो चुका है मामला

इस जमीन घोटाले को लेकर पहले ही सुरेंद्रनगर ACB (एंटी करप्शन ब्यूरो) में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है। ED इसी आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच आगे बढ़ा रही थी।

अन्य अधिकारी भी जांच के दायरे में

इस घोटाले में सिर्फ पूर्व कलेक्टर ही नहीं, बल्कि अन्य सरकारी कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई है। इससे पहले

  • चंद्रसिंह मोरी (नायब मामलतदार),

  • मयूर गोहिल (कलेक्टर कार्यालय क्लर्क) और

  • जयराजसिंह झाला (कलेक्टर के निजी सहायक)

के खिलाफ भी मामले दर्ज किए जा चुके हैं। राजेंद्र पटेल की गिरफ्तारी के बाद अब इस घोटाले में और बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

सरकार ने पहले ही कर दी थी तबादला

जांच शुरू होते ही राज्य सरकार ने राजेंद्र पटेल का सुरेंद्रनगर से तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया था। हालांकि, ED ने मनी लॉन्ड्रिंग और भ्रष्टाचार से जुड़े पहलुओं की जांच जारी रखी, जिसका नतीजा अब गिरफ्तारी के रूप में सामने आया है।

इस कार्रवाई के बाद गुजरात की नौकरशाही में हलचल तेज हो गई है और पूरे मामले पर राज्यभर की नजरें टिकी हुई हैं।

Sajag Kutch
Author: Sajag Kutch

Leave a Comment

और पढ़ें