बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में किए गए एक नए शोध से पता चलता है कि 2700 से 2300 वर्ष पूर्व के बीच इस क्षेत्र में एक मजबूत भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून (आईएसएम) का अनुभव किया गया था। वहीं 2300 से 1600 वर्ष पूर्व के बीच यह क्षेत्र कई जलवायु चरणों से गुजरा, जिनमें उच्च आर्द्रता और लंबे समय तक सूखे की अवधि शामिल थी। इन परिस्थितियों ने समय के साथ वन वनस्पतियों की संरचना, बनावट, वितरण और क्षेत्रीय भू-दृश्य में हुए बदलावों को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित किया।
इसके बाद 1600 से 820 वर्ष पूर्व के बीच स्थिर मानसून और मानवीय गतिविधियों के बढ़ते प्रमाण देखे गए और पिछले 400 वर्षों के दौरान मानसून के मजबूत होने के परिणामस्वरूप वनों की फिर से वापसी हुई।
यह अनुकूल जलवायु परिस्थितियों में इस क्षेत्र में मौजूद उष्णकटिबंधीय वन पारिस्थितिकी तंत्र के लचीलेपन और उसकी पुनर्जीवन क्षमता को दर्शाता है।
भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून की दीर्घकालिक परिवर्तनशीलता को समझना अत्यंत आवश्यक है क्योंकि यह भारत की जलवायु, पारिस्थितिकी तंत्र और जल संसाधनों का एक प्रमुख चालक है। चूँकि भारतीय कृषि मानसूनी वर्षा पर अत्यधिक निर्भर है, इसलिए मानसून की तीव्रता या समय में होने वाले छोटे बदलाव भी फसल उत्पादकता, खाद्य सुरक्षा और राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं। बीते कालखंड की जलवायु और वनस्पति परिवर्तनों का पुनर्निर्माण प्राकृतिक मानसून परिवर्तनशीलता और पारिस्थितिकी तंत्र की प्रतिक्रियाओं के बारे में मूल्यवान दीर्घकालिक अंतर्दृष्टि प्रदान करता है।
हालांकि, मध्य भारत के कोर मानसून जोन (सीएमजेड) से उच्च-रिज़ॉल्यूशन वाले लेट होलोसीन पुरा-जलवायु अभिलेखों का अभाव है।
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के एक स्वायत्त संस्थान, बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान (बीएसआईपी) ने मध्य भारत के कोर मानसून जोन स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पराग-आधारित अभिलेखों का उपयोग किया और पिछले लगभग 2700 वर्षों में वनस्पति तथा भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून की परिवर्तनशीलता को फिर से समझने के लिए उन्हें अर्थ सिस्टम पैलियोक्लाइमेट सिमुलेशन (ईएसपीएस) मॉडल के साथ एकीकृत किया।
इस संयोजन ने शोधकर्ताओं को पिछले 3000 वर्षों के ऐतिहासिक भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून स्वरूप का पुनर्निर्माण करने और जलवायु परिवर्तनों को भारतीय इतिहास की महत्वपूर्ण घटनाओं के साथ जोड़ने में सक्षम बनाया।
बीएसआईपी की डॉ. अंजलि त्रिवेदी, अनुपम नाग और प्रो. एम. जी. ठक्कर ने भारत के उत्तर- वेटलैंड) से तलछट कोर का अध्ययन किया। उन्होंने इस कोर को खंडों में विभाजित किया और रेडियोकार्बन डेटिंग तथा पराग विश्लेषण के लिए नमूने तैयार किए।
उन्होंने पिछली तीन सहस्राब्दियों (3000 वर्षों) की जलवायु परिस्थितियों का पुनर्निर्माण करने के लिए अर्थ सिस्टम पैलियोक्लाइमेट सिमुलेशन (ईएसपीएस) मॉडल भी तैयार किए। शोध निष्कर्षों की प्रामाणिकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए इन मॉडलों की तुलना पराग डेटासेट से की गई।
शोधकर्ताओं ने पाया कि लगभग 2700 से 2300 वर्ष पूर्व के बीच एक मजबूत भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून ने साल के वृक्षों की प्रधानता वाले व्यापक, घने आर्द्र पर्णपाती वनों को सहारा दिया। इन वनों का विस्तार समय पर मानसून के आगमन के साथ-साथ सालाना लगभग 1100–1200 मिमी या उससे अधिक की निरंतर वर्षा का संकेत देता है।
लगभग 2300 से 1600 वर्ष पूर्व के बीच इस क्षेत्र ने कई जलवायु चरणों का अनुभव किया, जिनमें उच्च आर्द्रता, लंबे समय तक सूखा, क्रमिक पर्यावरणीय सुधार और इसके बाद भारतीय ग्रीष्मकालीन मानसून के मजबूत होने की अवधियां शामिल थीं। इन जलवायु उतार-चढ़ावों ने वन वनस्पतियों की संरचना, बनावट और वितरण को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित किया जिसके परिणामस्वरूप समय के साथ क्षेत्रीय भू-दृश्य में बदलाव आए।
1600 से 820 वर्ष पूर्व की अवधि में अपेक्षाकृत स्थिर मानसून परिस्थितियां रहीं, जिसने घने उष्णकटिबंधीय वनों को सहारा दिया। 820 से 400 वर्ष पूर्व तक, आईएसएम के कमजोर होने से आर्द्र पर्णपाती वनों में कमी आई और शुष्क पर्णपाती वनस्पतियों का विस्तार हुआ। इसके साथ ही सेरेलिया और अन्य कृषि फसलों के परागकणों में वृद्धि देखी गई, जो बढ़ती कृषि गतिविधियों, भूमि-उपयोग परिवर्तन और मानवीय प्रभाव का संकेत देती है।
पिछले लगभग 400 वर्षों में मानसून की मजबूत होती परिस्थितियों ने आर्द्र पर्णपाती वनों की बहाली और विस्तार को बढ़ावा दिया। यह अनुकूल जलवायु परिस्थितियों में उष्णकटिबंधीय वन पारिस्थितिकी तंत्र के लचीलेपन और उसकी पुनर्जीवन क्षमता को दर्शाता है।
‘क्वाटरनरी रिसर्च’ जर्नल में प्रकाशित ये निष्कर्ष जलवायु-पर्यावरण अंतःक्रियाओं के बारे में हमारी समझ को बेहतर बना सकते हैं और बेहतर जलवायु अनुकूलन रणनीतियों, सतत् कृषि तथा भविष्य की जलवायु सुदृढ़ता में योगदान दे सकते हैं।
