राजकोट शहर के मवडी इलाके में स्थित प्रसिद्ध ‘अर्जुन ज्वेलर्स’ शोरूम में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शोरूम में पिछले तीन वर्षों से हेड कैशियर के रूप में कार्यरत हितेश परमार ने ग्राहकों को सोने में निवेश पर अधिक रिटर्न का लालच देकर करीब 1.99 करोड़ रुपये की हेराफेरी की और फरार हो गया। ज्वेलर्स के मालिक मनीषभाई घाडिया की शिकायत पर तालुका पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने ज्वेलर्स के नाम से नकली वाउचर और बिल बनाकर ग्राहकों से नकद रकम और सोने के बिस्किट लिए, लेकिन उन्हें कंपनी के रिकॉर्ड में जमा नहीं किया। जांच में यह भी सामने आया है कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी शोरूम से सोने के बिस्किट चुराते हुए कैद हुआ है। पुलिस ने कुल 1.99 करोड़ रुपये की ठगी का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
