चलती कार में फिर सामूहिक दुष्कर्म, दरिंदों ने युवती को सड़क पर फेंककर की फरारी, फरीदाबाद की दिल दहला देने वाली घटना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राजस्थान के उदयपुर के बाद अब हरियाणा के फरीदाबाद से चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म की एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस वारदात में 25 वर्षीय युवती को लिफ्ट देने के बहाने दो दरिंदों ने पूरी रात हैवानियत का शिकार बनाया और बाद में चलती गाड़ी से सड़क पर फेंककर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और कई घंटों तक उसे अलग-अलग सुनसान इलाकों में घुमाते रहे। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मंगलवार तड़के करीब 3 बजे घायल अवस्था में युवती को सड़क पर फेंक दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।

घटना की पूरी कहानी
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 8:30 बजे युवती का घर पर अपनी मां से विवाद हो गया था। नाराज होकर वह घर से निकल गई और अपनी बहन को बताया कि वह किसी दोस्त के घर जा रही है और कुछ घंटों में लौट आएगी। देर रात होने के कारण उसे कोई साधन नहीं मिला। इसी दौरान कल्याणपुरी इलाके के मेट्रो चौक के पास एक वैन में सवार दो लोगों ने उसे घर छोड़ने की बात कहकर लिफ्ट ऑफर की। युवती ने भरोसा कर लिया और वैन में बैठ गई, लेकिन यही फैसला उसके लिए भयावह साबित हुआ।

रास्ते में क्या हुआ?
वैन चालक और उसका साथी युवती को घर छोड़ने की बजाय गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड की ओर ले गए। हनुमान मंदिर क्षेत्र से आगे निकलने पर युवती को शक हुआ और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। हालांकि, रात का समय, कड़ाके की ठंड और घना कोहरा होने के कारण कोई मदद के लिए आगे नहीं आया। पुलिस के अनुसार, आरोपी करीब तीन घंटे तक युवती को अलग-अलग सुनसान सड़कों पर घुमाते रहे और इस दौरान बारी-बारी से उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

आखिरकार मंगलवार सुबह लगभग 3 बजे आरोपियों ने युवती को गंभीर हालत में चलती वैन से धक्का देकर सड़क पर फेंक दिया और फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पीड़िता को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Sajag Kutch
Author: Sajag Kutch

Leave a Comment

और पढ़ें