मकर संक्रांति पर पवित्र स्नान को जा रहे परिवार के साथ भीषण हादसा, पांच लोगों की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मकर संक्रांति का पावन पर्व एक परिवार के लिए काल बनकर आया। भोपाल जिले के बैरसिया थाना क्षेत्र में विद्या विहार स्कूल के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक सभी विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र के निवासी थे और एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे। मकर संक्रांति के अवसर पर पूरा परिवार एक लोडिंग वाहन में सवार होकर होशंगाबाद में नदी में पवित्र स्नान करने के लिए जा रहा था। सुबह के समय जब वाहन बैरसिया के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि लोडिंग वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार कई लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दर्दनाक दुर्घटना में पांच लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीएम और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पांचों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए बैरसिया के एसडीएम आशुतोष शर्मा, एएसपी नीरज चौरसिया और विधायक विष्णु खत्री अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को घायलों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें