चीखें सुनकर गांव दौड़ा, लेकिन आग के आगे सब बेबस; हिमाचल में फिर भीषण अग्निकांड, 4 की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हिमाचल प्रदेश में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 12 जनवरी को सोलन जिले के अर्की बाजार में हुए भीषण अग्निकांड की भयावह यादें अभी ताज़ा ही थीं कि अब सिरमौर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र में एक रिहायशी मकान में लगी आग ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। इस हादसे में एक महिला और तीन बच्चों समेत चार लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

यह भयावह घटना रेणुका विधानसभा क्षेत्र की घंडूरी पंचायत के तलंग गांव में बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात घटी। बताया गया कि मोहन लाल के लकड़ी से बने मकान में रात करीब ढाई बजे अचानक आग भड़क उठी। मकान पूरी तरह लकड़ी का होने और क्षेत्र के दुर्गम होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घर के अंदर सो रहे परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका।

ग्रामीणों के अनुसार, रात के सन्नाटे में अचानक धुआं और आग की लपटें उठती देख वे चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कोई भी कुछ कर पाने में असमर्थ रहा। आग बुझने के बाद जब सुबह मलबा हटाया गया, तब चार लोगों के जिंदा जलकर मौत की पुष्टि हुई।

मिली जानकारी के अनुसार, शिमला जिले के चौपाल क्षेत्र के निवासी 42 वर्षीय लोकेंद्र अपने परिवार के साथ ससुराल आए हुए थे और हादसे के वक्त इसी मकान में सो रहे थे। इस अग्निकांड में लोकेंद्र समेत दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सोलन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या सर्दी से बचने के लिए घर के अंदर जलाई गई सिगड़ी को माना जा रहा है, हालांकि असली कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना पर स्थानीय विधायक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन को तत्काल जांच के आदेश देने और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सर्दियों में सोने से पहले सिगड़ी या किसी भी प्रकार की आग को पूरी तरह बुझा दें और गैस सिलेंडर को बंद रखना सुनिश्चित करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

sajagkutch
Author: sajagkutch

Leave a Comment

और पढ़ें