: पाकिस्तान में फंसी भारतीय सिख महिला सरबजीत कौर का मामला एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हुए भावुक ऑडियो क्लिप के बाद सुर्खियों में आ गया है। पंजाब के कपूरथला जिले के अमनपुरी गांव की रहने वाली सरबजीत कौर पिछले वर्ष गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थीं, लेकिन इसके बाद वह भारत वापस नहीं लौट सकीं।
पाकिस्तान में रहने के दौरान सरबजीत कौर ने नासिर हुसैन नामक युवक से निकाह कर लिया और अपना नाम बदलकर ‘नूर’ रख लिया। हालांकि, अब उनकी हालत बेहद दयनीय बताई जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में सरबजीत कौर रोते हुए अपने पूर्व पति से भारत वापस लाने की गुहार लगाती सुनाई दे रही हैं। वह कह रही हैं कि पाकिस्तान में उनका लगातार शोषण हो रहा है और उनके पास पहनने के लिए गर्म कपड़े, जूते तक नहीं हैं।
ऑडियो में वह भावुक होकर कहती हैं, “मैंने अपने बच्चों और पति के लिए एक शानदार घर बनाया था, लेकिन आज मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है। मुझे भारत वापस ले चलो और मुझे डांटना मत, क्योंकि मैं अंदर से पूरी तरह टूट चुकी हूं।” उन्होंने यह आशंका भी जताई है कि अगर उन्हें भारत नहीं लाया गया तो उनकी जान को खतरा हो सकता है।
बताया जा रहा है कि पाकिस्तान पहुंचने के अगले ही दिन सरबजीत ने नासिर हुसैन से निकाह कर लिया था, लेकिन इसके बाद पाकिस्तानी पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर लाहौर स्थित एक सरकारी शेल्टर होम ‘दारुल अमान’ में भेज दिया। नासिर और सरबजीत ने पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ लाहौर हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की थी, लेकिन अदालत के आदेश के बावजूद पुलिस की कार्रवाई जारी रही। वर्तमान में नासिर जेल में बंद है, जबकि सरबजीत शेल्टर होम में रह रही हैं।
इस पूरे मामले ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता भी बढ़ा दी है। पाकिस्तान विधानसभा के पूर्व सदस्य महिंदर पाल सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आशंका जताई है कि सरबजीत भारतीय जासूस हो सकती हैं। वहीं, पाकिस्तानी प्रशासन उन्हें भारत डिपोर्ट करने की तैयारी में है। पहले भी उन्हें वापस भेजने की कोशिश की गई थी, लेकिन अटारी-वाघा बॉर्डर बंद होने के कारण यह संभव नहीं हो सका।
सरबजीत कौर की इस भावुक अपील और उनकी खराब हालत की खबरों से भारत में रह रहे उनके परिवार में गहरी चिंता का माहौल है। 13 नवंबर को जब श्रद्धालुओं का जत्था भारत लौटा था और सरबजीत वापस नहीं आईं, तभी से यह मामला रहस्यमय बना हुआ है। अब वायरल ऑडियो ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यक और विदेशी महिलाओं की सुरक्षा, साथ ही धर्म परिवर्तन के बाद उनकी स्थिति को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
