भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन IndiGo ने अपने नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में विलियम (विली) वॉल्श की नियुक्ति की घोषणा की है। वह अगस्त 2026 से आधिकारिक तौर पर पदभार संभालेंगे और कंपनी के भविष्य की रणनीति को दिशा देंगे।
विलियम वॉल्श फिलहाल वैश्विक एयरलाइन संगठन International Air Transport Association (IATA) के डायरेक्टर जनरल हैं। उनका कार्यकाल 31 जुलाई 2026 को समाप्त होगा, जिसके बाद वे 3 अगस्त तक इंडिगो से जुड़ सकते हैं।
यह नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब इंडिगो हाल ही में एक बड़े ऑपरेशनल संकट से गुजरी थी। दिसंबर 2025 में एयरलाइन को हजारों उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं, जिसके बाद तत्कालीन CEO पीटर एल्बर्स ने मार्च 2026 में इस्तीफा दे दिया था।
विलियम वॉल्श एविएशन इंडस्ट्री के बेहद अनुभवी नेता माने जाते हैं। उन्होंने पहले British Airways और इंटरनेशनल एयरलाइंस ग्रुप (IAG) जैसी बड़ी कंपनियों का नेतृत्व किया है। उनके पास बड़े स्तर पर एयरलाइन संचालन और रणनीतिक प्रबंधन का लंबा अनुभव है, जो इंडिगो के विस्तार और सुधार में अहम भूमिका निभा सकता है।
इंडिगो प्रबंधन को उम्मीद है कि वॉल्श के नेतृत्व में कंपनी अपने ऑपरेशन्स को मजबूत करेगी, ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाएगी और अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी से विस्तार करेगी। वर्तमान में इंडिगो भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन है और घरेलू बाजार में इसकी हिस्सेदारी 60% से ज्यादा है।
