स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम, प्रशिक्षण, फ़ाइनेंस, मेंटरिंग और समुदाय के नेतृत्व वाले संस्थागत सहयोग के ज़रिए ग़ैर कृषि व्यवसायों को मदद देता है। 30 जून, 2026 तक, एसवीईपी ने देश भर में 4.32 लाख ग्रामीण व्यवसायों को मदद पहुँचाई है। इस कार्यक्रम ने सामाजिक समावेश और उद्यमिता के मौकों तक समान पहुँच पर ज़ोर दिया है। लगभग 86% उद्यमी एससी, एसटी, अल्पसंख्यक और ओबीसी समुदायों से आते हैं। एसएचजी, सीआरपी-ईपी, बैंक लिंकेज और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी योजनाओं के साथ तालमेल बिठाकर एसवीईपी ने अपनी पहुँच बढ़ाई है। एसवीईपी गरीबी कम करने, स्थानीय स्तर पर रोज़गार पैदा करने और ग्रामीण आर्थिक विकास के लिए एक असरदार ज़मीनी मॉडल के तौर पर उभरा है।
भारत में उद्यम-आधारित ग्रामीण बदलाव
भारत में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम है। यह सरकार की अच्छी नीतियों की मदद से खूब फला-फूला है और देश की अर्थव्यवस्था को बढ़ाने में भी बहुत फायदेमंद साबित हुआ है। हालांकि, भारत के ज़्यादातर स्टार्ट-अप इकोसिस्टम शहरी इलाकों में हैं। इसलिए, सरकार ने ग्रामीण इलाकों में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए कई पहल शुरू की हैं। इनमें से एक मुख्य पहल है स्टार्ट-अप विलेज एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम (एसवीईपी)।
2016 में शुरू किया गया एसवीईपी, दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (डीएवाई-एनआरएलएम) की एक उप-योजना है। यह योजना स्वयं सहायता समूहों और उनके परिवार के सदस्यों को खेती से अलग क्षेत्रों में छोटे उद्यम शुरू करने में मदद करती है। यह आर्थिक मदद, संस्थागत सहयोग, बिज़नेस मैनेजमेंट का प्रशिक्षण, सॉफ्ट स्किल डेवलपमेंट और बिज़नेस डेवलपमेंट से जुड़ी सेवाएँ देता है। इससे ग्रामीण इलाकों में टिकाऊ आजीविका और स्वरोज़गार के मौके बढ़ते हैं।
एसवीईपी बैंकिंग सुविधाओं तक पहुँच और सरकारी योजनाओं के साथ तालमेल बिठाने में भी मदद करता है। इसका मुख्य मकसद लंबे समय तक आर्थिक विकास और बड़े पैमाने पर सामाजिक लाभ हासिल करना रहा है। एसवीईपी की एक खास बात यह है कि इसमें स्थानीय स्तर पर उद्यमों को फ़ंड देने और मदद करने के लिए फ़ैसले समुदायिक स्तर पर लिए जाते हैं।
